केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गृह मंत्री ने ‘Fight Against Drugs’ के संदेश पर आयोजित एक देशव्यापी मोटरसाइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में संसद सदस्य कृष्ण प्रसाद टेनेटी, राजीव कुमार, केन्द्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आसूचना ब्यूरो के निदेशक महेश दीक्षित, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर सहित अन्य केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के महानिदेशक और कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि आज राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर हम उन वीर पुलिसकर्मियों को नमन करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने स्वतंत्रता से लेकर आज तक राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद करीब आठ दशकों में देश आज विश्व में एक सम्मानजनक स्थान पर खड़ा है। इसकी नींव में हमारे वीर जवानों का बलिदान है। कोई कल्पना भी नहीं कर सकता कि यदि इन जवानों ने आंतरिक सुरक्षा और देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान न दिया होता, तो आज हम कहाँ खड़े होते।गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 भारतीय पुलिस के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण वर्ष है। 31 मार्च 2026 को हमने दशकों से देश को पीड़ित कर रहे नक्सलवाद से मुक्ति प्राप्त की। नक्सलवाद के कारण 1981 से मार्च 2026 तक देश ने अनेक दंश झेले हैं। इस अवधि में कितने ही निर्दोष जवान और नागरिक शहीद हुए। इस समयावधि में 3600 से अधिक जवान शहीद हुए और देश के लगभग 13,700 निर्दोष नागरिक भी अपनी जान गँवा बैठे। गृह मंत्री ने कहा कि वे शहीद जवानों के परिजनों को बताना चाहते हैं कि पाँच दशक पुरानी इस समस्या से निजात पाकर यदि देश आज विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है, तो इसकी नींव में इन 3600 जवानों का बलिदान है। गृह मंत्री ने शहीदों के परिजनों से कहा कि हम आपकी क्षति की पूर्ति नहीं कर सकते, परंतु 140 करोड़ नागरिकों वाला पूरा देश आपके परिवार के समर्पण के प्रति कृतज्ञ है।श्री अमित शाह ने पुलिस स्मृति दिवस के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 जवानों ने चीन की सेना के हमले का डटकर मुकाबला करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। जब हम हॉट स्प्रिंग्स की उस घटना का अध्ययन करते हैं, तो यह स्पष्ट होता है कि जब संघर्ष का निर्णय ऊँची पहाड़ियों पर लिया गया होगा, तब परिणाम लगभग तय था। फिर भी उन अमर सपूतों ने देश की एक इंच भूमि भी किसी विदेशी के हाथ में न जाए, इस संकल्प को मृत्यु पर्यन्त निभाते हुए अपना अमर बलिदान दिया। तभी से 21 अक्टूबर का यह दिन प्रतिवर्ष पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज हम जिस स्थान पर खड़े हैं, वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने देशभर के शहीद पुलिस जवानों को समर्पित इस राष्ट्रीय पुलिस स्मारक का उद्घाटन किया था। इसके पीछे मंशा यही है कि आने वाली पुलिस की पीढ़ियाँ यहाँ से प्रेरणा लेकर अपने दायित्व के प्रति सजग रहें और ड्यूटी निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने के लिए भी तैयार रहें। उन्होंने कहा कि यह स्थान देशभर के नागरिकों के लिए भी एक श्रद्धा स्थल बन गया है। कृतज्ञ नागरिक यहाँ आकर अपने मन के भाव के साथ 36,852 पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि देते हैं और राष्ट्र की ओर से उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।









