केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह आज दिल्ली में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी ₹8,941 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल श्री तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि आज यहां यमुना शुद्धिकरण के लिए लगभग 9 हज़ार करोड़ रूपए की महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने दिल्ली में हमारी पार्टी की सरकार बनते ही एक बड़ी बैठक बुलाकर यमुना जी को शुद्ध करने की अपनी संकल्पना दिल्ली सरकार और देश के गृह मंत्रालय के सामने रखी थी। इतने कम समय में हमने 40 प्रतिशत से अधिक सफलता प्राप्त कर ली है।
श्री अमित शाह ने कहा कि 30 साल से पिछली सरकारों ने दिल्ली के गटर के पानी को यमुना में छोड़ने और हर रोज़ डेयरियों का 2000 टन गोबर यमुना जी में डालने का काम किया। एक ज़माने में उत्तर प्रदेश और हरियाणा में मुख्य विपक्षी दल के सहयोगी दलों की सरकारें थी और हरियाणा के औद्योगिक कचने वाला पानी और उत्तर प्रदेश से भी गंदा पानी यमुना जी में आता था। उन्होंने कहा कि आज केन्द्र, दिल्ली, हरियाणा औऱ उत्तर प्रदेश में हमारी ही पार्टी की सरकारें हैं। इन चारों राज्यों की हमारी सरकारों ने मिलकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के लिए समयबद्ध रोडमैप बनाए हैं जिसके माध्यम से हम 2029 तक यमुना जी को निर्मल बना देंगे। श्री शाह ने कहा कि हम एक ऐसी दिल्ली बनाना चाहते हैं, जहां घर सुदंर हों, पानी शुद्ध हो, गलियां साफ हों, कूड़े के पहाड़ न हों और यमुना जी निर्मल होकर यहां से संगम तक की जनता को अपना आशीर्वाद दे सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने इस काम को एक अडिग संकल्प के रूप में लिया है और आज इस संकल्प के एक बहुत बड़े भाग की पूर्ति हो रही है।केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज यहां 10 योजनाओं का लोकार्पण हुआ और 33 योजनाओं की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि 8,941 करोड़ रुपए की कुल लागत से शुरू हुई योजनाओं के माध्यम से कई लाख लीटर पानी शुद्ध होकर यमुना जी में जाएगा। दिल्ली के कई इलाकों से जुड़ी परियोजनाओं का आज यहाँ लोकार्पण हुआ है और STP के उन्नयन और नए STP लगाने का काम का भूमिपूजन भी हुआ है। आज यहाँ decentralized STP pumping station भी बना है और सीवर लाइनों को घरों से जोड़ने का काम भी शुरू हुआ है। हम सीवर रिहैबिलिटेशन, टैपिंग और जल निकासी को आगे बढ़ा रहे हैं। गृह मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मई, 2029 से पहले हम यमुना जी को शुद्ध कर देंगे।केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि विपक्षी पार्टियां कभी EVM, कभी वोट चोरी का बहाना बनाती हैं। गृह मंत्री ने कहा कि जब वे कहते हैं कि 30 साल तक उनकी पार्टी की सरकार रहेगी तब विपक्षी दल जनता से कहते हैं कि वोट चोरी हो रही है, अन्यथा अमित शाह जी को कैसे मालूम हुआ। श्री शाह ने कहा कि वे यहीं जन्मे हैं और यहीं रहते हैं और देश की जनता के बीच रहते हैं और न ही हर 6 माह में उन्हें विदेश जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिस प्रकार की नकारात्मक राजनीति कर रहा है, अगले 30 साल तक विपक्ष की सरकार नहीं बनेगी।









